NEXT 11 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरपालिका चुनाव-2026 के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो चुका है। 40 वार्डों में मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर शहर की नई सरकार चुन रहे हैं। मतदान प्रक्रिया पर निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम झंवरलाल मित्तल लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं निर्वाचन टीम भी बूथों पर व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है।

मतदान शुरू होने से पहले गुरुवार देर रात तक भी निर्वाचन टीम की सक्रियता देखने को मिली। निकाय चुनाव प्रभारी भव्य कटारिया ने बताया कि नगरपालिका ईओ अभिषेक गहलोत ने गुरुवार देर रात विभिन्न मतदान बूथों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक तैयारियों को परखा।
देर रात तक बूथों पर व्यवस्थाएं जांचने के बाद शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होते ही निर्वाचन अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने पूरी चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी बढ़ा दी। प्रशासन का फोकस शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान कराने पर है।
इस दौरान निर्वाचन टीम से जुड़े मुकेश कुमार झारवाल, मोतीराम, जितेंद्र भोजक सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही निर्वाचन कार्मिक व्यवस्थाओं को संभालते नजर आ रहे हैं।




















