NEXT 9 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। बाबा रामदेव की भक्ति में श्रीडूंगरगढ़ अंचल रंगने लगा है। रामदेवरा पैदल यात्री संघों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया है। पैरों में घुंघरू, सिर पर बाबा रामसापीर के नाम की टोपी, हाथों में ध्वजा और जुबां पर बाबा के जयकारों के बीच भक्त नाचते-गाते रामदेवरा की ओर रवाना हो रहे हैं। मंगलवार को सातलेरा और तोलियासर से श्रद्धालुओं के पैदल संघ रवाना हुए।

सातलेरा में मंदिरों में धोक लगाकर निकला संघ
सातलेरा में सुबह बड़ी संख्या में बाबा रामसापीर के भक्त पैदल रामदेवरा के लिए रवाना हुए। इससे पहले संघ के सदस्यों ने बाबा रामदेवजी महाराज के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर पुजारी रेवंतराम मेहरा ने यात्रियों को तिलक लगाकर ध्वजा सौंपी और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद संघ रामदेवजी मंदिर से रवाना हुआ। यात्रियों ने बालाजी मंदिर, वीर बिग्गाजी महाराज मंदिर सहित गांव के विभिन्न मंदिरों में धोक लगाई। डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों पर भक्त नाचते-गाते और बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया और शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। संघ की रवानगी के दौरान पूरा गांव भक्तिमय नजर आया।

तोलियासर से ‘आपणों संघ’ भी ध्वजा के साथ रवाना
तोलियासर से आपणों संघ ध्वजाबंध धारी भी बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए पैदल रामदेवरा रवाना हुआ। संघ अध्यक्ष सुरेश राजपुरोहित (सूर्या भाई) के नेतृत्व में गोरख सिंह, दशरथ सिंह, प्रभु भागुराम, चन्दू, परमेश्वर, कैलाश, इन्दू, प्रिंस, बाबू सहित अन्य श्रद्धालु यात्रा पर निकले। ध्वजा लेकर निकले भक्तों ने बाबा के जयकारे लगाए और भजनों पर नाचते-गाते रामदेवरा की राह पकड़ी।
बीकानेर-जयपुर हाईवे पर नजर आ रहे पैदल यात्रियों के जत्थे
रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ बीकानेर-जयपुर नेशनल हाईवे पर भी बाबा की भक्ति का रंग नजर आने लगा है। हाईवे पर जगह-जगह पैदल यात्रियों के जत्थे दिखाई दे रहे हैं। डीजे पर गूंजते धार्मिक भजन, हाथों में लहराती ध्वजाएं और बाबा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं के कदम रामदेवरा की ओर बढ़ रहे हैं।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कई गांवों से पैदल संघों की रवानगी का सिलसिला अब लगातार जारी है। आस्था और उत्साह से भरे इन जत्थों के कारण क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा है।



















