वार्ड 33 में वर्षों से जमा कचरे का जेसीबी से करवाया निस्तारण, श्याम धोरे के पास भी चलाया सफाई अभियान
NEXT 17 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। शहर के वार्ड 33 में वर्षों से जमा कचरे और झाड़ियों की समस्या का मंगलवार को समाधान हुआ। भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्र प्रकाश सेठिया की पहल पर नगरपालिका की टीम ने जेसीबी मशीन लगाकर सफाई करवाई।

जानकारी के अनुसार, वार्ड के एक निजी बाड़े में लंबे समय से मोहल्लेवासी कचरा डाल रहे थे। इससे वहां कचरे के ढेर लग गए और बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आईं। हालात यह थे कि झाड़ियों और कचरे में फंसकर गौवंश सहित कई अन्य जानवरों की मौत हो चुकी थी। वहीं, गंदगी के कारण मच्छरों और हानिकारक जीवों के पनपने से आसपास के लोगों को भी परेशानी हो रही थी।
मोहल्लेवासियों ने इस समस्या के समाधान के लिए चन्द्र प्रकाश सेठिया से आग्रह किया था। इस पर मंगलवार सुबह सेठिया नगरपालिका टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी की सहायता से कचरे एवं झाड़ियों का निस्तारण करवाया। इसके अलावा श्याम धोरे के पास फैली गंदगी और झाड़ियों को भी साफ करवाया गया।
विधायक और पालिकाध्यक्ष का जताया आभार: सफाई कार्य करवाने पर चन्द्र प्रकाश सेठिया ने विधायक ताराचन्द सारस्वत एवं पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी का सहयोग के लिए आभार जताया। वहीं, लंबे समय से बनी समस्या का समाधान होने पर वार्डवासियों ने भी राहत जताते हुए सेठिया का आभार व्यक्त किया।



















