44,383 में से 32,634 मतदाताओं ने डाला वोट; दो जगह फर्जी मतदान की आशंका पर झड़प, पुलिस ने संभाला मोर्चा
NEXT 11 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरपालिका चुनाव में शुक्रवार को शहर की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। सुबह 7 बजे 51 मतदान केंद्रों पर शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चली। 40 वार्डों में कुल 44,383 मतदाताओं में से 32,634 मतदाताओं ने मतदान किया। इस तरह शहर में 73.53 प्रतिशत मतदान हुआ।

पूरे मतदान के दौरान अधिकांश बूथों पर शांतिपूर्ण माहौल रहा। हालांकि, शाम तक दो स्थानों पर फर्जी मतदान की आशंका को लेकर समर्थकों के बीच झड़प की स्थिति बनी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही।
गलियों से बूथ तक दिखा चुनावी उत्साह
मतदान के दौरान शहर में चुनावी माहौल चरम पर रहा। विभिन्न दलों और प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने वार्डों की गलियों में सक्रिय नजर आए। समर्थक मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक लाने-ले जाने के साथ अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए जुटे रहे। कई स्थानों पर समर्थकों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही से दिनभर चुनावी हलचल बनी रही।
अब ईवीएम में 40 वार्डों के प्रत्याशियों का भाग्य बंद हो चुका है। प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। मतगणना के बाद ही सामने आएगा कि श्रीडूंगरगढ़ की जनता ने किस पर भरोसा जताया और नगरपालिका की सत्ता की चाबी किसके हाथ में जाएगी।



















