श्रीडूंगरगढ़ में भाजपा का दो दिवसीय मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित, कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूती का मंत्र
NEXT 22 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। शहर मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत दो दिवसीय मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री व बीकानेर संभाग प्रभारी डॉ. मिथिलेश गौत्तम ने श्रीराम भवन में भाजपा के इतिहास व विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बूथ प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ प्रबंधन ही सशक्त संगठन की आधारशिला है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाएगा तो संगठन को जीत से कोई नहीं रोक सकता।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाकर ही संगठन को मजबूती दी जा सकती है।
जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने प्रशिक्षण वर्ग को कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा का स्रोत बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ संगठन को मजबूत करते हैं।

प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में रामेश्वर पारीक, कुंभाराम सिद्ध, शिव स्वामी और कोजूराम सारस्वत ने संगठन की विचारधारा, सेवा, समर्पण और राष्ट्र सर्वोपरि के मूल मंत्र पर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी हुआ, जिससे उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, दिलीप सिंह राजपुरोहित, मदन सोनी, गजानंद दाधीच सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



















