भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस पर ही जन्मे थे वीर हेमू कालाणी, देशभक्ति नारों से गूंजा पार्क
NEXT 23 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। अमर बलिदानी हेमू कालाणी के 103वें जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार सुबह सिंधी समाज द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 7:15 बजे शहीद हेमू कालाणी पार्क में किया गया, जहां बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुरलीधर संगवानी द्वारा हेमू कालाणी की प्रतिमा पर तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
रवि रिझवानी ने बताया कि हेमू कालाणी का जन्म 23 मार्च 1923 को सिंध (अब पाकिस्तान) के सुक्कुर में हुआ था। उन्होंने मात्र 19 वर्ष की आयु में 21 जनवरी 1943 को देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। खास बात यह है कि उनका जन्मदिन उसी दिन पड़ता है, जिस दिन भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु का शहादत दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर श्रवण कुमार गुरनाणी, दुर्गा प्रसाद खट्टनाणी, गुलाबचंद दातवाणी, विजय बजाज, तरुण गुरनाणी, किशोर मोरवानी, खुशी बजाज, रमेश गुरनाणी सहित समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मनोज उपाध्याय और तरुण गुरनाणी के नेतृत्व में “शहीद हेमू कालाणी अमर रहे”, “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।




















