धड़ देवली व शीश देवली धाम रोशनी से जगमगाए, देशभर से पहुंचने लगे श्रद्धालु
NEXT 30 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। गौ रक्षक श्री वीर बिग्गाजी महाराज के शौर्यपीठ धड़ देवली और शीश देवली धाम में चैत्र शुक्ल द्वादशी और त्रयोदशी पर आयोजित दो दिवसीय मेला आज से श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शुरू हो गया। मेले के पहले ही दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई, वहीं मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आ रहा है।

बिग्गा मंदिर कमेटी के मांगीलाल जाखड़ ने बताया कि मेले के अवसर पर शनिवार रात्रि को भव्य जागरण होगा। इसमें भजन गायिका अर्चना देवी बांगड़वा, रमेश बांगड़वा सहित कई ख्याति प्राप्त कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। भजनों की स्वर लहरियों से पूरी रात आस्था की बरसात होगी।
मेले में व्यवस्थाओं को लेकर वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान और सेवादल के कार्यकर्ता सक्रिय हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए मंदिर परिसर के सभी कमरों को खोल दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।
मेले को लेकर अस्थाई दुकानों की भी सजावट हो चुकी है, जहां ग्रामीण और बाहर से आने वाले श्रद्धालु खरीदारी का आनंद ले सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धोक लगाने पहुंचेंगे।
इधर, शीश देवली धाम रीड़ी में भी दो दिवसीय मेले का आगाज हो गया है। यहां भी मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। पुजारी दुलीचंद तावनियां ने बताया कि शनिवार रात भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें सीताराम एंड पार्टी नागौर सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
























