दिनभर तपिश के बाद आमजन को मिली गर्मी से राहत, ठंडी हवाओं ने मौसम को किया सुहावना
NEXT 2 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शाम करीब 6 बजे बड़ी राहत मिली, जब काली घटाएं छा गईं और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई।
आंधी के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से आमजन को काफी राहत महसूस हुई।
इस दौरान उपखंड क्षेत्र के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। सोनियासर और राजेडू गांव में तेज अंधड़ के बीच करीब दो मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य गांवों और कस्बे के कुछ हिस्सों में भी हल्की ओलावृष्टि की सूचना है।
मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका है।























