सातलेरा में मकान ढहा, समंदसर में घर चारों ओर से पानी से घिरे; निचले इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
NEXT 6 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ अंचल में शनिवार को हुई तूफानी बारिश ने पूरे क्षेत्र की व्यवस्थाओं को हिलाकर रख दिया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के चलते वर्षों पुराने पेड़ धराशायी हो गए, बिजली के पोल टूटकर गिर पड़े और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। हाईवे पर पेड़ व पोल गिरने से लंबा जाम लग गया, जबकि गांवों में लोगों के घर पानी से घिर गए।

एनएच-11 पर कस्बे के पास पेड़ और पोल गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। टोल कर्मियों ने सूचना मिलते ही रास्ता साफ करवाया। वहीं सातलेरा के पास पेड़ और पोल गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान यात्री करीब 20 मिनट तक जाम में फंसे रहे।
घुमचक्कर स्थित आशीष पेट्रोल पंप के पास वर्षों पुराना कीकर का एक बड़ा पेड़ भी तूफान की चपेट में आकर टूट गया और वहां खड़े एक ट्रक पर गिर पड़ा। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फैला कीचड़
बारिश के बाद कस्बे के निचले क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। कई स्थानों पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर कीचड़ फैल जाने से आवागमन भी बाधित हो गया है।
समंदसर में घरों तक पहुंचा पानी
गांव समंदसर में हालात गंभीर बने हुए हैं। कई घर चारों ओर से पानी से घिर गए हैं, जिससे ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण पानी अब घरों के भीतर प्रवेश करने लगा है। इससे ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है।
कालूरोड पर क्रिकेट बॉक्स गिरा, लाखों का हुआ नुकसान
संदीप सोनी द्वारा कालू रोड पर संचालित अनुज एरेना स्पोर्ट्स में बना क्रिकेट बॉक्स तूफान से टूट गया। सोनी ने बताया कि इससे लाखों का नुकसान हुआ है।
सातलेरा में बारिश से मकान गिरा
गांव सातलेरा में बारिश के चलते एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं जल निकासी के लिए शीघ्र कदम उठाने की मांग की है।


































