NEXT 9 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के पहलवानों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। बूंदी जिले में 5 से 7 जुलाई तक आयोजित अंडर-23 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में श्रीडूंगरगढ़ के तीन खिलाड़ियों ने बीकानेर टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता के ग्रीको रोमन 60 किलोग्राम भार वर्ग में आदित्य तावनिया ने शानदार मुकाबले खेलते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं ग्रीको रोमन 72 किलोग्राम भार वर्ग में विजयपाल सिद्ध ने भी दमदार प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा ग्रीको रोमन 87 किलोग्राम भार वर्ग में हेमंत शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर श्रीडूंगरगढ़ का नाम रोशन किया।
तीनों खिलाड़ी श्रीडूंगरगढ़ स्थित जय हिन्द स्पोर्ट्स एकेडमी में नियमित अभ्यास करते हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को क्षेत्र में कुश्ती के बढ़ते स्तर और युवाओं की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। लगातार अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
खिलाड़ियों की सफलता पर एनआईएस कोच नितिन सिंह, कुश्ती प्रशिक्षक सिकंदर सिंह और मुकेश जांगिड़ ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि श्रीडूंगरगढ़ के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और आने वाले समय में क्षेत्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।



















