NEXT 14 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। ग्राम पंचायत कुंतासर में मंगलवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का राज्य सरकार के प्रभारी सचिव हेमंत गैरा ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया। इस दौरान जिला कलेक्टर निशांत जैन, उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा, विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से पट्टों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने पोषण किट, पशुपालन विभाग ने मंगला पशु योजना की बीमा पॉलिसियां वितरित कीं, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग ने गोद भराई की रस्म संपन्न करवाई। विकास अधिकारी मनोज कुमार ने पंचायती राज विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर से एक दिन पहले पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण कर अधिकतम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या उठाई। इस पर प्रभारी सचिव हेमंत गैरा ने बताया कि कंवरसेन लिफ्ट परियोजना के तहत कुंतासर के लिए नहरी पेयजल योजना स्वीकृत है। इसके अंतर्गत 200 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी और पंप हाउस का निर्माण होगा, जिससे कुंतासर, रेवाड़ा सहित आसपास के गांवों में नहरी जलापूर्ति सुनिश्चित होगी।
ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए प्रभारी सचिव ने पीएचईडी अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सर्वे कर खराब ट्यूबवेलों की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारू करने के सख्त निर्देश दिए। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रभारी सचिव और जिला प्रशासन का आभार जताया।

























