भामाशाहों के सहयोग से तैयार हुए भवन का उद्घाटन, विधायक सहित शिक्षाविद होंगे शामिल
NEXT 26 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के विद्यार्थियों को विज्ञान संकाय की उच्च शिक्षा के लिए अब दूसरे शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में भामाशाहों के सहयोग से प्रथम मंजिल पर निर्मित विज्ञान संकाय के नए कक्षा-कक्षों का उद्घाटन आज रविवार को सुबह 10 बजे आयोजित समारोह में किया जाएगा।
महाविद्यालय समिति के सचिव श्याम महर्षि ने बताया कि उद्घाटन समारोह में विधायक ताराचंद सारस्वत, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड राजस्थान के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित तथा शिक्षाविद डॉ. उमाकांत गुप्त मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
महाविद्यालय समिति अध्यक्ष हरिशंकर बाहेती ने बताया कि वर्ष 1995 से सहशिक्षण संस्थान के रूप में संचालित श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में विज्ञान संकाय के लिए आधुनिक कक्षा-कक्ष तैयार होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा उपलब्ध होगी। इससे उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी और ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा।





















