NEXT 11 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। भारतीय किसान संघ की श्रीडूंगरगढ़ व सूडसर तहसील की मासिक बैठक मंगलवार को सूडसर तहसील अध्यक्ष बजरंग धारणियां की अध्यक्षता में हुई। बैठक के बाद किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बकाया फसल बीमा क्लेम का तत्काल भुगतान कराने, जर्जर व बाधित विद्युत लाइनों का नवीनीकरण करने तथा किसानों को बकाया तार, खंभे और इंसुलेटर सहित कृषि विद्युत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गई। बिजली विभाग की एफआरटी टीम द्वारा फाल्ट की सूचना मिलने पर समय पर दुरुस्ती की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई।
किसान संघ ने समय पर यूरिया व डीएपी खाद उपलब्ध कराने तथा खाद के साथ अनावश्यक अन्य सामग्री की टैगिंग पर रोक लगाने की मांग की। कृषि मंडी में किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
13 को कलेक्ट्रेट पर धरना: किसान संघ ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो 13 अगस्त को बीकानेर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा।
इस दौरान श्रवण सिंह पुंदलसर, सांवतसर ग्राम अध्यक्ष मांगीलाल धारणियां, उतमनाथ सिद्ध, श्योपत बिश्नोई, बलवंत सैन, राजेंद्र वाल्मीकि, गणेश नायक, मांगीलाल बिश्नोई, तेजाराम सहित कई किसान मौजूद रहे।




















