NEXT 8 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीझूलेलालजी चालीसा महोत्सव के 23वें दिन सिंधी कॉलोनी स्थित श्रीझूलेलालजी मंदिर में भक्ति, संस्कृति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। झूलेलाल भजन संध्या, झूलेलाल माला एवं चालीसा पाठ के बाद आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर रात 10:30 बजे तक भक्ति और तालियों की गूंज से सराबोर रहा।

सिंधी समाज युवा मीडिया प्रभारी रवि रिझवानी ने बताया कि मीनाक्षी मोरवानी के द्वारा सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच संचालन एवं आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की कमान मीना बोधिजा ने संभाली। कार्यक्रम में तीन अलग-अलग ग्रुपों ने प्रस्तुतियां दीं।
सागर भावनानी के नेतृत्व में डांडिया ने मचाई धूम
पहले ग्रुप में सागर भावनानी के नेतृत्व में सिंधी समाज की बहुओं नीशा लालवानी, परिधि मोरवानी, भारती, नीशा, अंजली, सोनिया, सपना, शिल्पा, जावीका एवं कोमल ने शानदार डांडिया प्रस्तुत किया। एक जैसे रंग-बिरंगे परिधानों में दी गई डांडिया प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। प्रस्तुति के दौरान पूरा मंदिर परिसर तालियों से गूंज उठा।
मानवी थावानी के डांस ने जीता श्रद्धालुओं का दिल
दूसरे ग्रुप में पिंकी थावानी की बेटी मानवी थावानी ने शानदार डांस की प्रस्तुति दी। उनकी आकर्षक प्रस्तुति पर श्रद्धालुओं ने जमकर तालियां बजाईं और उन्हें पुरस्कारों से भी नवाजा गया।
भूमि गुरनाणी के भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
तीसरे ग्रुप में भूमि गुरनाणी ने मधुर स्वर में झूलेलालजी के भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए।
आरती, पल्लव व भोग के बाद भजनों पर झूमे श्रद्धालु
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद झूलेलालजी की आरती हुई। झूलेलाल चंवर सेवादार मयंक गुरनाणी ने चंवर सेवा निभाई। इसके बाद पल्लव एवं भोग की रस्म संपन्न हुई।
निखिल की मधुर वाणी और कृष्णा की ढोलक ने बांधा समां
इसके पश्चात संत कंवरराम मंडली के निखिल रिझवानी ने अपनी मधुर वाणी में झूलेलाल भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। उनके साथ कृष्णा गुरनाणी ने ढोलक पर शानदार संगत की। भजनों की धुन पर श्रद्धालु गाते, झूमते और नाचते नजर आए। इससे मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे कार्यक्रम का आनंद लिया और आयोजन की जमकर सराहना की।























