NEXT 2 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मौसमी बीमारियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप की आशंका को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। शहर में साफ-सफाई व्यवस्था के साथ अब कीट नियंत्रण अभियान भी शुरू कर दिया गया है। बुधवार को नगरपालिका कार्मिकों ने शहर की विभिन्न नालियों और मुख्य चैंबरों में कीटनाशक का छिड़काव किया।

अधिशासी अधिकारी अभिषेक गहलोत ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ मच्छरों व अन्य कीटों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए शहर में चरणबद्ध तरीके से कीटनाशक छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि नालियों में मच्छरों और अन्य कीटों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
स्वास्थ्य निरीक्षक कमल चांवरिया के निर्देशन में नगरपालिका कर्मचारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। चांवरिया ने बताया कि बुधवार को घूमचक्कर से मुख्य बाजार तक आने वाली नालियों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया।
नगरपालिका प्रशासन के अनुसार इसके बाद शहर के प्रमुख चैंबरों और अन्य नालियों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। शहर के अलग-अलग हिस्सों में जल निकासी से जुड़े स्थानों पर कीट नियंत्रण की कार्रवाई करते हुए मच्छरों के प्रजनन पर अंकुश लगाने और मौसमी बीमारियों की रोकथाम का प्रयास किया जाएगा।























