NEXT 18 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान गौरव भीखमचन्द पुगलिया ने चिकित्सा एवं मानव सेवा के क्षेत्र में एक और अनुकरणीय पहल करते हुए अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद को ‘ब्लड डोनेशन बस’ भेंट की। गुरुवार को कोलकाता के पीडब्ल्यूडी मैदान, टेंट रेड रोड पर आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि मानवता के क्षेत्र में भीखमचन्द पुगलिया की ओर से की गई यह भेंट जरूरतमंद एवं पीड़ित लोगों के लिए राहत की पहल है। पुगलिया मानवीय सेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी रहते हैं, जो समाज के लिए अनुकरणीय है।
‘ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स’ से जरूरतमंदों तक पहुंचेगी मदद
इस अवसर पर भीखमचन्द पुगलिया ने कहा कि ‘ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स’ के संकल्प के साथ यह बस जरूरतमंदों के जीवन में प्राण भरने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं मानवता की सेवा के लिए वे भविष्य में भी सदैव तैयार रहेंगे। बस के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में भीखमचन्द पुगलिया की धर्मपत्नी एवं श्रीडूंगरगढ़ सभा की अध्यक्ष सुशीला पुगलिया, जैन समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति कमल दुगड़ सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इस दौरान पुगलिया दम्पत्ति की ओर से मुख्यमंत्री का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सेवा, चिकित्सा और मानवता के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।


























