NEXT 17 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। व्हाट्सऐप अब सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है। इसमें निजी फोटो, दस्तावेज, ओटीपी और कई महत्वपूर्ण जानकारियां रहती हैं। साइबर ठग व्हाट्सऐप अकाउंट पर नियंत्रण हासिल कर ठगी, फर्जी पहचान और ब्लैकमेलिंग जैसी वारदात कर सकते हैं। इसे देखते हुए राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा R4C ने व्हाट्सऐप अकाउंट और चैट्स को सुरक्षित रखने के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने यूजर्स को 7 प्रमुख सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।
टू-स्टेप वेरिफिकेशन करें एक्टिव: व्हाट्सऐप की सेटिंग्स में जाकर Two-Step Verification ऑन करें। 6 अंकों का पिन सेट करने के साथ रिकवरी ईमेल जोड़ें। रजिस्ट्रेशन कोड या पिन किसी के साथ साझा नहीं करें। सुविधा उपलब्ध होने पर Passkey का भी इस्तेमाल करें।
लिंक्ड डिवाइस की जांच जरूरी: सेटिंग्स में Linked Devices पर जाकर समय-समय पर जांच करें कि अकाउंट किन मोबाइल, लैपटॉप या डेस्कटॉप पर लॉग-इन है। पुराने या संदिग्ध डिवाइस को तुरंत लॉग आउट करें। पुलिस ने चेताया है कि लिंक्ड डिवाइस के जरिए मालवेयर या ट्रोजन से अकाउंट को निशाना बनाया जा सकता है।
सेंसिटिव चैट को करें लॉक: महत्वपूर्ण चैट को Chat Lock के जरिए फिंगरप्रिंट या फेस आईडी से सुरक्षित करें। WhatsApp App Lock में बायोमेट्रिक सुरक्षा भी चालू रखें। लॉक चैट के नोटिफिकेशन में मैसेज का कंटेंट दिखाई नहीं देता।
प्राइवेसी सेटिंग्स सीमित रखें: Profile Photo, About, Last Seen/Online और Status को My Contacts तक सीमित रखने की सलाह दी गई है। ग्रुप में कौन जोड़ सकता है, इसकी सेटिंग भी My Contacts या My Contacts Except पर रखें। Privacy Checkup का इस्तेमाल भी करें।
चैट बैकअप को भी करें सुरक्षित: Chat Backup में जाकर End-to-End Encrypted Backup को ऑन करें। बैकअप को पासवर्ड या 64 डिजिट की Encryption Key से सुरक्षित रखें।
Advanced Chat Privacy करें ऑन: संवेदनशील चैट और ग्रुप के लिए Advanced Chat Privacy फीचर सक्रिय करें। इससे चैट एक्सपोर्ट, ऑटोमैटिक मीडिया सेविंग और कुछ AI फीचर्स के लिए मैसेज के इस्तेमाल को नियंत्रित किया जा सकता है।
अनजान कॉल से सावधान, फर्जी ऐप से बचें: अनजान नंबरों से आने वाली स्पैम या फ्रॉड कॉल के लिए Silence Unknown Callers ऑन करें। कॉल के दौरान IP Address छिपाने के लिए Protect IP Address in Calls विकल्प चालू रखें। पुलिस ने GB WhatsApp जैसे मॉडिफाइड या क्लोन ऐप का इस्तेमाल नहीं करने और केवल आधिकारिक WhatsApp इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
ठगी हो तो 1930 पर तुरंत करें कॉल
पुलिस ने कहा है कि व्हाट्सऐप अकाउंट से जुड़ी साइबर ठगी या अन्य साइबर अपराध होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या साइबर पुलिस स्टेशन को सूचना दें। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने के साथ cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज की जा सकती है। साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 और 9257510100 भी जारी किए गए हैं।



























