सिजराल होटल से पहले हुआ भीषण हादसा; रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे कार सवार, ट्रैक्टर सवार दर्शन कर लौट रहे थे
NEXT 17 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने बुधवार रात्रि 1:30 बजे सिजराल होटल से पहले कार और ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार 6 लोगों में से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। ट्रैक्टर सवार दो लोग भी घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त ब्लैक स्विफ्ट कार में फंसे दोनों शवों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और मोर्चरी में रखवाया।
जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग साहवा निवासी थे और दो कारों में रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। एक गाड़ी दुर्घटना स्थल से थोड़ी पीछे चल रही थी। मृतकों में निशा पुत्री जुगलाल जाट और विकास पुत्र संजयपाल जाट शामिल हैं। घायलों में कपील कुमार कस्वां पुत्र जुगलाल जाट, सुनील पुत्र दौलतराम जाट, राजबाला पत्नी जुगलाल जाट और सतवीर पुत्र देवीलाल जाट शामिल हैं। गनीमत रही कि इस कार में सवार दो अन्य आश्चर्यजनक तरीके से सुरक्षित रह गए। वहीं ट्रैक्टर सवार दोनों घायल भादरा निवासी बताए जा रहे हैं। वे रामदेवरा दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर राहत कार्य में एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार इमरान छिंपा, तालिब राईन, रोशन अली, आमीर खान सहित अन्य जुटे रहे। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सेवादार आमिर खान ने बताया कि दुर्घटना स्थल का मंजर काफी खौफनाक था। शव बुरी तरह से कटे फटे थे और एक शव का सिर धड़ से अलग हो गया था। ट्रक की टक्कर से बुरी तरफ से कार पिचक गई थी जिसके कारण शवों को निकालने में भी बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर खून ही खून बिखरा पड़ा था।





























