NEXT 18 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। भादवा माह में पूरा श्रीडूंगरगढ़ अंचल भक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। जगह-जगह धार्मिक आयोजन, मेले और पैदल यात्राओं का दौर चल रहा है। इसी क्रम में सातलेरा गांव से करीब दो किलोमीटर दूर उत्तर दिशा की रोही में स्थित प्रकाश भोमियाजी महाराज मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
सुबह से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भोमियाजी महाराज के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और सुख-समृद्धि की कामना के साथ मन्नत मांगी। मंदिर में ज्योत के दर्शन के लिए भी भक्तों की कतार लगी रही।
इससे पहले गुरुवार को मंदिर परिसर में रामायण पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। शुक्रवार को मेले के दौरान डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए भोमियाजी महाराज के जयकारे लगाते नजर आए। जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं के लिए मंदिर की ओर से महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भक्ति और आस्था का यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा तथा दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेककर अपनी मनोकामना मांगी।





















