NEXT 21 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। उपखंड क्षेत्र के गांव कोटासर में सोमवार को भोमियाजी दादोसा महाराज का मेला भरा। मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर धोक लगाई और सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर में पुजारी हरिदास स्वामी ने विशेष पूजा-अर्चना करवाई। भोमियाजी दादोसा महाराज के वंशज अमर सिंह पड़िहार ने दिव्य ज्योति प्रज्ज्वलित की। मेला कमेटी के प्रबंधक अगर सिंह पड़िहार ने बताया कि दुलचासर स्थित गाजण माता मंदिर तथा राजपूताना कोटड़ी से ‘दादोसा रो लाडलो’ पैदल संघ अखंड ज्योति के साथ कोटासर पहुंचा। डीजे की धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हजारों श्रद्धालु संघ के साथ मंदिर पहुंचे।
पैदल संघ के मंदिर में प्रवेश करते ही भोमियाजी दादोसा सेवा समिति एवं ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। मेले में श्रद्धालुओं के लिए सेठ चैनरूप छाजेड़ परिवार के निर्मल, अशोक, मनोज, ऋषभ, अनमोल व नमन छाजेड़ सहित कालीकट, दिल्ली, देहरादून और श्रीडूंगरगढ़ से जुड़े परिवारों तथा सेठ हेमराज छाजेड़ पुत्र स्वर्गीय सेठ रतनलाल सागर, श्रीडूंगरगढ़ हाल दिल्ली की ओर से सामूहिक रूप से विशाल सवामणी भंडारे का आयोजन किया गया। भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मेले के अवसर पर सेठ विमल कुमार छाजेड़, बैंगलोर की ओर से मंदिर की विशेष सजावट करवाई गई। उन्होंने भोमियाजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। मेला व्यवस्था में गांव के युवा कार्यकर्ताओं ने विशेष सहयोग किया। अंत में दादोसा सेवा समिति कोटासर ने पैदल संघ के यात्रियों, भंडारा लाभार्थी परिवार और सहयोगकर्ताओं का आभार जताया।


























