NEXT 30 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में अल्पवृष्टि के कारण बारानी और सिंचित दोनों फसलों को हुए नुकसान को लेकर भारतीय किसान संघ ने बुधवार को एसडीएम झंवरलाल मित्तल को ज्ञापन सौंपा। संघ ने फसल खराबे की विशेष गिरदावरी करवाने, फसल बीमा की क्रॉप कटिंग पारदर्शिता से कराने सहित किसानों से जुड़ी चार प्रमुख मांगें रखीं।

ज्ञापन में मांग की गई कि प्रभावित बारानी एवं सिंचित फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर पात्र किसानों को नियमानुसार आदान-अनुदान राशि दिलाई जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्रॉप कटिंग समय पर और पूरी पारदर्शिता से करवाने की मांग करते हुए कहा गया कि संबंधित गांव में क्रॉप कटिंग प्रयोग की पूर्व सूचना दी जाए तथा 8-10 किसानों की मौजूदगी में प्रक्रिया करवाई जाए।
किसान संघ ने लंबे समय से बंद सूडसर उपतहसील को आवश्यक कार्मिक नियुक्त कर तत्काल शुरू करवाने की मांग भी रखी। इसके अलावा किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने तथा बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की गई।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि अल्पवृष्टि के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रशासन किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए मांगों पर तत्काल कार्रवाई करे। ज्ञापन में अरुण बजरंग धारणियां, रामकिशन नाथ, दुर्गानाथ सिद्ध, अरुण, श्रवणसिंह पुंदलसर, रमेश कुमार, अमित मेघवाल सहित किसान संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर रहे।



















