एसडीएम मित्तल की अपील- शिक्षण संस्थानों में 18-19 वर्ष के अधिकाधिक युवाओं के जुड़वाएं नाम
NEXT 22 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मतदाता सूची में कोई भी पात्र नागरिक नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे, इसी उद्देश्य से गुरुवार को सदू देवी पारख राजकीय कन्या महाविद्यालय में विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। उपखंड निर्वाचन शाखा की ओर से आयोजित शिविर में पात्र छात्राओं का मतदाता पंजीकरण किया गया। इस दौरान छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई।

एसडीएम झंवरलाल मित्तल के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने तथा लोकतंत्र में जनभागीदारी के महत्व के बारे में बताया। एसडीएम मित्तल ने शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविरों के माध्यम से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के अधिकाधिक नव मतदाताओं का पंजीकरण करवाने पर जोर दिया।
कार्यालय के आरपी, सीबीईओ पवन प्रजापत ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझाने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करना है। महाविद्यालय की प्राचार्य अनुराधा बिस्सा ने विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना और निर्वाचन प्रक्रिया में उसकी सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
डॉ. आनंद नारायण पुरोहित ने छात्राओं से पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
ये रहे मौजूद: महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. कमल सिंह चारण, डॉ. चित्रा व्यास, डॉ. प्रभा कंवर, डॉ. सीमा खड़गावत, डॉ. प्रियंका श्रीमाली तथा निर्वाचन शाखा से लीलाराम मीणा, बीएलओ महेश जोशी, श्याम सुन्दर निर्वाण, अरविन्द माली, गोपीराम महिया, विक्रम सैन, किशनलाल सांखला, सुपरवाइजर मदन कड़वासरा और बुद्धराम उपस्थित रहे।























