रबी सीजन में कृषि विभाग की कार्रवाई, उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग रोकने के लिए भी जारी किए सख्त निर्देश
NEXT 29 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कृषि विभाग ने अनियमितताएं पाए जाने पर दुलचासर स्थित जीएसएसएस लि. का उर्वरक पंजीयन प्रमाण पत्र 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया है। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) मदन लाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की गई है। सहायक निदेशक कृषि विस्तार, श्रीडूंगरगढ़ ने फर्म का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की थी। इसके बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पंजीयन निलंबित करने का निर्णय लिया।
औचक निरीक्षण से रखी जा रही नजर
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए विभाग विशेष रबी गुणवत्ता नियंत्रण अभियान चला रहा है। अभियान के तहत कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और आपूर्ति की भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक मिल सकें।
उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग पर सख्ती
विभाग ने उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। कृषि आदान विक्रेताओं के स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




















