तीसरे चरण के चुनाव के लिए मतदान दल रवाना, श्रीडूंगरगढ़ की 33 ग्राम पंचायतों में 123 केंद्रों पर होगा मतदान
NEXT 2 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सोमवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से मतदान दलों को प्रशिक्षण देने के बाद निर्धारित वाहनों से उनके मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़, रीड़ी और लूणकरणसर पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर निशान्त जैन और पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने मतदान दलों की रवानगी के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में जिम्मेदारी निभाना गर्व का विषय है। सभी कार्मिक निष्पक्षता और गंभीरता के साथ अपने दायित्व निभाएं। उन्होंने कहा कि हर मतदाता को स्वतंत्र और भयमुक्त माहौल में मतदान का अवसर मिलना चाहिए। निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय पर पूरी की जाएं।
श्रीडूंगरगढ़ में 123 मतदान केंद्र
तीसरे चरण में तीन पंचायत समितियों की 112 ग्राम पंचायतों में कुल 402 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें श्रीडूंगरगढ़ की 33 ग्राम पंचायतों में 123, रीड़ी की 31 ग्राम पंचायतों में 104 और लूणकरणसर की 48 ग्राम पंचायतों में 175 मतदान केंद्र शामिल हैं। प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी के साथ प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
5 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। वहीं 4 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी। 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद: उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह, बीकानेर विकास प्राधिकरण सचिव हेमेन्द्र नागर, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, रिटर्निंग अधिकारी दयानंद रूयल, श्रीडूंगरगढ़ एसडीएम झंवरलाल मित्तल और दमयंती कंवर सहित प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अधिकारी उपस्थित रहे।




















