10 दिवसीय आधिकारिक व्यापारिक दौरे में होंगे शामिल, Eco Bharat ने आर्मेनिया में वैश्विक स्तर पर हासिल किया था तीसरा स्थान
NEXT 14 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। बामनवाली गांव के सम्पत सारस्वत एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। Eco Bharat के संस्थापक एवं CEO सम्पत सारस्वत केंद्रीय कैबिनेट मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में 13 से 22 नवंबर तक मिस्र और इटली की यात्रा करने वाले भारत सरकार के आधिकारिक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे। सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में भारतीय नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के पहले पांच दिन मिस्र की राजधानी काहिरा और अगले पांच दिन इटली की राजधानी रोम में कार्यक्रम होंगे। इस दौरान मिस्र और यूरोपीय संघ (EU) के देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से जुड़े विषयों पर चर्चा और विभिन्न व्यापारिक एवं नीतिगत बैठकें होंगी।
पीयूष गोयल के साथ तीसरी FTA यात्रा
सम्पत सारस्वत इससे पहले भी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडलों के साथ न्यूजीलैंड और जापान की यात्रा कर चुके हैं। यह उनकी तीसरी FTA प्रतिनिधिमंडल यात्रा होगी। लगातार तीसरी बार प्रतिनिधिमंडल में शामिल होना Eco Bharat की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने का अवसर है।
आर्मेनिया में विश्व की शीर्ष 10 पहलों में तीसरा स्थान
Eco Bharat ने आर्मेनिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आयोजन में विश्व की शीर्ष 10 पहलों में तीसरा स्थान हासिल किया था। संस्था सड़क दुर्घटनाओं के बाद शुरुआती महत्वपूर्ण समय यानी ‘गोल्डन आवर’ में पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से काम कर रही है। इसके लिए Smart Safety QR जैसी तकनीक विकसित की गई है।
वैश्विक स्तर पर साझेदारी की संभावनाएं तलाशेंगे
इस यात्रा के दौरान Eco Bharat की ओर से विदेशी संस्थाओं, कंपनियों और संगठनों के साथ सहयोग की संभावनाएं तलाशने के साथ भारतीय सड़क सुरक्षा नवाचारों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
सम्पत सारस्वत ने कहा कि भारत सरकार के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनना उनके लिए और पूरी संस्था के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस अवसर के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एवं भारत सरकार का आभार जताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच से मिलने वाले अनुभवों और सुझावों का उपयोग देश में सड़क सुरक्षा के प्रयासों को और मजबूत बनाने में किया जाएगा।



















