पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी ने लिया संज्ञान, पार्षद हनुमान नाई ने जताया आभार; वार्डवासियों ने कहा- खाली पड़े बाड़ों की समस्या का भी हो स्थायी समाधान
NEXT 18 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के वार्ड संख्या 33 में निजी बाड़ों के आसपास फैले कचरे और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। खबर सामने आते ही पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगरपालिका के सफाई कार्मिक मौके पर पहुंचे और जमादार की देखरेख में सफाई कार्य करवाया गया। लंबे समय से गंदगी से परेशान वार्डवासियों को सफाई होने से कुछ राहत मिली। वहीं, वार्ड पार्षद हनुमान नाई और वार्डवासियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए पालिकाध्यक्ष और नगरपालिका प्रशासन का आभार जताया।

सफाई हुई, लेकिन मूल समस्या अब भी बरकरार
हालांकि मौके पर सफाई करवाकर तत्काल राहत देने का प्रयास किया गया है, लेकिन वार्ड की मूल समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है। वार्डवासियों के अनुसार, खाली पड़े निजी बाड़ों में कचरा जमा होता रहता है। इन बाड़ों से निकलने वाली गंदगी नालियों में पहुंचकर उन्हें जाम कर देती है। इसके बाद कचरा और गंदगी सड़कों तथा गलियों में फैलने लगती है। ऐसे में केवल एक बार सफाई करवाने से समस्या का स्थायी समाधान होना मुश्किल है।
चार मंदिरों के रास्ते से रोजाना गुजरते हैं श्रद्धालु
इस गली में आसपास चार मंदिर होने के कारण सुबह से ही महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। विशेषकर पास स्थित दो मंदिरों में कई वार्डों की महिलाएं नियमित रूप से पूजा-अर्चना के लिए पहुंचती हैं। ऐसे में गलियों और नालियों में गंदगी जमा होने से श्रद्धालुओं सहित आम राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों तक जाने वाले रास्तों की नियमित सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है।
पालिका से स्थायी कार्रवाई की मांग
वार्डवासियों ने पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी और नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि खाली पड़े बाड़ों के मालिकों को पाबंद किया जाए। बाड़ों में कचरा जमा नहीं होने देने, नियमित सफाई करवाने और नालियों में कचरा डालने पर रोक लगाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
























