NEXT 1 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। तेरापंथ के 267वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सेवा केंद्र मालू भवन में बुधवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभा के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में ज्ञानशाला के बच्चों और महिला मंडल की प्रस्तुतियों ने श्रद्धा, संस्कृति और तेरापंथ के सिद्धांतों का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञानशाला के नन्हें बच्चों ने आचार्य भिक्षु का स्वागत करते हुए नृत्य-नाटिका से की। बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से आचार्य भिक्षु के जीवनवृत्त को मंच पर जीवंत कर दिया। इसके बाद ज्ञानशाला की बालिकाओं ने कठपुतली नाटिका के जरिए तेरापंथ के मूल सिद्धांतों का प्रभावी संदेश दिया। महिला मंडल ने कव्वाली के माध्यम से आचार्य भिक्षु के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण भाव व्यक्त किया, जिसे उपस्थितजनों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के समापन पर श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा की अध्यक्ष सुशीला पुगलिया, महिला मंडल अध्यक्ष मंजू बोथरा तथा युवक परिषद अध्यक्ष विक्रम मालू ने सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सभा मंत्री प्रदीप पुगलिया, सहमंत्री संजय बरड़िया, जितेश मालू, युवक परिषद अध्यक्ष विक्रम मालू, महिला मंडल उपाध्यक्ष मंजू बोथरा, संगठन मंत्री शारदा बोथरा, कोषाध्यक्ष सुमन पुगलिया सहित श्रावक-श्राविका समाज के गणमान्य सदस्य, विभिन्न संघीय संस्थाओं के पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महिला मंडल से मोनिका मालू ने किया।







































