NEXT 1 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीकानेर में शुक्रवार को “नई किरण- नशामुक्त भारत अभियान” के तहत नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों को विकसित करना रहा।

कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय के कक्ष संख्या-1 में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि प्रो. श्याम सुंदर ज्याणी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. भगवान राम बिश्नोई ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अनुशासन संबंधी आवश्यक जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी जागरूक बनाना है।
कार्यशाला संयोजक डॉ. रितु चौधरी ने बताया कि कार्यशाला में विद्यार्थियों को “नशा छोड़ें- जीवन जोड़ें, स्वस्थ युवा-समृद्ध भारत” का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी दिलाया गया।
































