#टॉप न्यूज़ राजस्थान NEXT विशेष जॉब/ एजुकेशन जीवन मंत्र

आज का ताज़ा न्यूज़ पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

बीकानेर: उत्सवों का शोर और सिसकता धरातल

By Next Team Writer

Updated on:

सिर्फ विमर्श से नहीं, संकल्प और क्रियान्वयन से बदलेगी मरुधरा की तस्वीर

बीकानेर-एक ऐसा शहर जिसकी रगों में रम्मतों का उल्लास, हवेलियों का स्वाभिमान और मेलों की मिठास बहती है। आज यहाँ का आकाश गोष्ठियों, संवादों और बैठकों के शोर से भरा हुआ है। अखबार की सुर्खियाँ विकास के दावों से सजी होती हैं और सोशल मीडिया ‘सेल्फी’ और ‘चेक-इन्स’ से गुलजार है। लेकिन जब हम इन पोस्टरों और नारों की परत हटाकर देखते हैं, तो एक थका हुआ और उपेक्षित बीकानेर नजर आता है।

दिखावे की चमक बनाम हकीकत का अंधेरा

बौद्धिक वर्ग एयर-कंडीशंड कमरों में बैठकर शहर के पुनरुद्धार की रूपरेखा तो बनाता है, लेकिन प्रश्न यह है कि वह ‘ब्लूप्रिंट’ गलियों की धूल तक पहुँचते-पहुँचते धुंधला क्यों हो जाता है?

बीकानेर आज दो पाटों के बीच पिस रहा है: एक तरफ भव्य आयोजनों का दिखावा है, तो दूसरी तरफ बुनियादी सुविधाओं का अभाव।

बीमार सड़कें और जख्मी सफर: शहर की सड़कें अब मार्ग नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं के आमंत्रण पत्र बन गई हैं। उधड़ती डामर और धूल के गुबार आमजन की नियति बन चुके हैं।

रेलवे फाटक- थमती रफ्तारः घंटों फाटकों पर रुकना यहाँ की दिनचर्या है। फ्लाईओवर्स और समाधानों की फाइलें दफ्तरों में धूल फांक रही हैं, जबकि जनता का कीमती समय और ईंधन सड़क पर धुआं हो रहा है।

गंदगी और आवारा पशुः ‘प्लास्टिक मुक्त बीकानेर’ का नारा केवल कागजों पर सिमट गया है। कचरे के ढेर और सड़कों पर लड़ते निराश्रित पशु न केवल शहर की सुंदरता को दागदार कर रहे हैं, बल्कि मासूमों की जान के दुश्मन भी बने हुए हैं।

सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सरोकारः एक चेतावनी

बीकानेर की पहचान यहाँ की ऐतिहासिक हवेलियाँ हैं, जो आज संरक्षण के अभाव में अपनी अंतिम सांसें गिन रही हैं। पर्यटन की अपार संभावनाओं के बावजूद हम पर्यटकों को वह अनुभव नहीं दे पा रहे, जिसकी यह नगरी हकदार है।

उससे भी भयावह है समाज के भीतर पनपता नशे का जाल और बढ़ता अपराध। चाइनीज मांझे की डोर से कटती गर्दनें इस बात का प्रमाण हैं कि हमारा प्रशासन और नागरिक बोध, दोनों ही गहरी नींद में हैं।

समाधानः चिंतन से क्रियान्वयन की ओर

सजावट, फोटो और अखबारों में छपती खबरों से शहर नहीं बदलता। बदलाव के लिए तीन स्तंभों की आवश्यकता है-

सामूहिक जवाबदेहीः बौद्धिक वर्ग चिंतन करे, लेकिन आम नागरिक को निगरानी और श्रमदान के लिए धरातल पर उतरना होगा।

प्रशासनिक इच्छाशक्तिः सिर्फ ‘मीटिंग्स’ की औपचारिकता से निकलकर अधिकारियों को जवाबदेही तय करनी होगी। योजनाओं को बजट से बाहर निकलकर सड़क पर दिखना होगा।

राजनीतिक प्रतिबद्धताः बीकानेर को वोट बैंक के चश्मे से नहीं, बल्कि एक विरासत के रूप में सहेजने की जरूरत है।

बीकानेर की सांस्कृतिक आत्मा तभी सुरक्षित रहेगी जब उसका शरीर (आधारभूत ढांचा) स्वस्थ होगा। उत्सवों का ढोल तब और सुरीला लगेगा जब रेल फाटकों की समस्या सुलझेगी, नशामुक्त गलियां होंगी और हवेलियों को उनका खोया सम्मान मिलेगा। अब समय गोष्ठियों का नहीं, ‘ग्राउंड वर्क’ का है। वरना आने वाली पीढ़ियाँ हमसे पूछेगी कि जब शहर उजड़ रहा था, तब हम केवल आयोजन कर रहे थे?

परिवर्तन के लिए केवल एक चिंगारी की जरूरत है-क्या हम उस क्रियान्वयन की शुरुआत करने को तैयार हैं? क्या हम हमारे प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं से पूछने के लिए तैयार है? क्या शासन प्रशासन से हम एक टेबल पर बैठकर सवाल जवाब के लिए तैयार है? क्या वाकई हम बीकानेर की बीकानेरियत के लिए कटिबद्ध है ?

अगर हां तो… उम्मीद है मेरा बीकानेर अब सजेगा, हमारा बीकाणा अब संवरेगा..!

(ये लेखक के अपने निजी विचार है।)

Next Team Writer

हम, कमल और नारायण, हमें खुशी है कि हम NEXT टीम का हिस्सा है। यहाँ पर हमें कंटेंट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हमारा उद्देश्य आपको हर विषय पर सटीक और विस्तृत जानकारी प्रदान करना है। यदि आपको किसी भी विषय पर जानकारी की आवश्यकता हो या कोई सवाल हो, तो आप बेझिझक हमसे संपर्क कर सकते हैं। हमारा प्रयास है कि आपको पूरी और सही जानकारी मिले।

Leave a Comment

WhatsApp

NEXT ( News Excellent Today )

NEXT (News Excellent Today) में आपका स्वागत है! यह है WhatsApp पर जुड़ने का सही मौका — NEWS का पावरहाउस, जहाँ आपको मिलेंगी भरोसेमंद और तेज़ खबरें, गहराई से की गई घटनाओं की पड़ताल, किसानों के लिए ताज़ा मंडी भाव, युवाओं के लिए जॉब व एजुकेशन अपडेट, खेल समाचार, राशिफल, हेल्थ टिप्स और शेयर मार्केट की हलचल — यानी हर ज़रूरी खबर एक ही जगह पर। यह है #संपादक_न्यूज़ का असली ठिकाना, जहाँ हर खबर मिलती है जिम्मेदारी और सच्चाई के साथ। 🟢 अभी नीचे क्लिक करें और जुड़िए NEXT से!

लोड हो रहा है...
🟢 सातलेरा में ट्यूबवेल के स्विच रूम में लगी आग, केबल-उपकरण जले; गर्मी में पानी संकट गहराया🟢 बीकानेर: उत्सवों का शोर और सिसकता धरातल🟢 कस्बे के विकास में बने भागीदार, श्रीडूंगरगढ़ में वार्ड विकास के लिए QR कोड से मांगे सुझाव