NEXT 13 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने विवाहिता की रिपोर्ट पर पति सहित सात जनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, धमकी देने और स्त्रीधन नहीं लौटाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार करमीसर निवासी एवं वर्तमान में रीड़ी में रह रही सुमन पत्नी अल्लादीन ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसका विवाह करीब सात वर्ष पहले अल्लादीन निवासी करमीसर से हुआ था। विवाह के समय उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, नकद राशि, घरेलू सामान और अन्य उपहार दिए थे, जिन्हें ससुराल पक्ष के पास अमानत के रूप में रखा गया था।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि शादी के करीब दो वर्ष बाद पति, सास, ससुर, जेठ, दो देवर और ननद कम दहेज लाने का ताना देकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पति पर शराब के नशे में आए दिन मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने बताया कि पहले भी मारपीट के बाद समझौता हुआ था, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही।
परिवाद के अनुसार 4 जुलाई को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दी। 6 जुलाई को उसका भाई ससुराल पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया और स्त्रीधन भी वापस नहीं लौटाया।
पुलिस ने परिवाद के आधार पर पति अल्लादीन, ससुर भंवर खान, सास मुन्नी, जेठ इदू खान, देवर असरफ, देवर जाकिर तथा ननद जूली खातून के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रतनलाल को सौंपी गई है।




















