78 हजार रुपए के 500-500 के जाली नोट बरामद; 2 प्रिंटर, कटर और नकली सिक्योरिटी सामग्री भी मिली
NEXT 21 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नेशनल हाईवे-11 स्थित एक होटल में नकली नोट छापने का बड़ा खेल चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए होटल के कमरे में छापा मारा और 4 युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 78 हजार रुपए के नकली नोट, प्रिंटर और नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई हेमासर गांव के पास स्थित होटल सांवरिया सेठ में की गई। आरोपी होटल के कमरे में प्रिंटर की मदद से 500-500 रुपए के नकली नोट छाप रहे थे। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे में नकली नोट बनाने का पूरा सेटअप मिला।
156 नकली नोट और उपकरण जब्त
पुलिस ने मौके से 500 रुपए के कुल 156 नकली नोट बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 78 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 2 प्रिंटर, एक बड़ा कटर, एक छोटा कटर, चमकीली टेप और रबरबैंड सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई। आरोपियों द्वारा सिक्योरिटी थ्रेड की जगह चमकीली टेप का इस्तेमाल किया जा रहा था।
होटल संचालक सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में होटल संचालक भी शामिल है। पुलिस ने आशीष पुत्र किशनलाल ब्राह्मण निवासी आडसर बास, नारायण पुत्र कालूराम ब्राह्मण निवासी आडसर बास, श्यामलाल पुत्र पुनाराम मेघवाल निवासी हेमासर और जितेंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह राजपूत निवासी पुंदलसर को गिरफ्तार किया है।
कोटगेट थाने में दर्ज होगा मामला
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जाली मुद्रा से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामला में कोटगेट थाने में दर्ज किया जाएगा।
बाजार में कितने नोट खपाए, जांच शुरू
कार्रवाई करने वाली टीम में सब इंस्पेक्टर पवन शर्मा, कांस्टेबल पुनीत कुमार, अशोक, कैलाश और नरेंद्र शामिल रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अब तक कितने नकली नोट बाजार में चला चुके हैं और इस गिरोह के तार कहां-कहां जुड़े हैं।



















