हेमासर में देर रात कार्रवाई, हनुमानगढ़ ले जाई जा रही थी लकड़ी; राजस्थान वन अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
NEXT 30 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरी तीन पिकअप गाड़ियां जब्त की हैं। देर रात मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में तस्कर वन विभाग की टीम को आता देख गाड़ियां हेमासर गांव के एक शेड में छोड़कर फरार हो गए। विभाग ने लकड़ी सहित तीनों वाहनों को जब्त कर राजस्थान वन अधिनियम, 1953 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि अवैध रूप से काटी गई लकड़ी को पिकअप वाहनों में भरकर हनुमानगढ़ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही विशेष टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम को देखकर तस्करों ने पकड़े जाने के डर से तीनों पिकअप गाड़ियों को हेमासर स्थित एक बड़े शेड में छिपा दिया और मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहे। वनरक्षक लोकेश मीणा, मोहर सिंह और गिरधारी मदेरणा ने घेराबंदी कर तीनों वाहनों को लकड़ी सहित जब्त किया। विभाग ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार मामले में शामिल तस्करों की पहचान की जा रही है। लकड़ी के स्रोत और तस्करी के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम, 1953 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















