NEXT 28 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नापासर थाना क्षेत्र के गुसाईंसर गांव में हिस्ट्रीशीटर रामस्वरूप निम्बड़िया की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने रामस्वरूप पर लाठी-डंडों से हमला किया और अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गुसाईंसर गांव में रामस्वरूप के साथ मारपीट की घटना हुई। लाठी-डंडों से किए गए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। आसपास के कुछ लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर नापासर थानाधिकारी कविता पूनिया पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। गंगाशहर सीओ प्रहलाद राय भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई।
मारपीट के कारणों का पता लगा रही पुलिस
थानाधिकारी के अनुसार, रामस्वरूप के साथ मारपीट किन कारणों से हुई और वारदात में कौन-कौन शामिल थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में जांच जारी है।



















