सड़क हादसों में समय पर इलाज नहीं मिलने से हो रही मौतें, कार्य जल्द शुरू कराने की मांग
NEXT 31 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर एवं उप जिला अस्पताल का कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर जागरूक नागरिक सूर्य प्रकाश सोनी ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और समय पर उपचार के अभाव में हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि श्रीडूंगरगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित प्रमुख कस्बा है, जहां प्रतिदिन दुर्घटनाएं होती हैं। ट्रॉमा सेंटर और उच्च स्तरीय आपातकालीन चिकित्सा सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर घायलों को बीकानेर रेफर करना पड़ता है। इस दौरान उपचार में देरी होने से कई मरीजों की जान चली जाती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री ने गुसाईंसर बड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रीडूंगरगढ़ में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक ट्रॉमा सेंटर एवं उप जिला अस्पताल का कार्य शुरू नहीं हो सका है।
सूर्य प्रकाश सोनी ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर की मांग को लेकर क्षेत्र की जनता पिछले करीब 700 दिनों से शांतिपूर्ण धरने पर बैठी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से राजस्थान सरकार एवं संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर ट्रॉमा सेंटर और उप जिला अस्पताल का कार्य तत्काल शुरू कराने, स्थायी व्यवस्था होने तक 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, विशेषज्ञ चिकित्सक, पर्याप्त स्टाफ और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन आवर के भीतर उपचार सुनिश्चित करने की मांग की है।






























