NEXT 30 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पूनरासर गांव में पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की पहल के तहत पर्यावरण जन चेतना यात्रा निकाली गई। कुटुम्ब वनम् ग्रुप एवं भारतीय किसान संघ बीकानेर जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, विद्यार्थियों और पर्यावरण प्रेमियों को करीब 5 हजार फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे नि:शुल्क वितरित किए गए।

आयोजकों ने बताया कि अभियान के तहत विद्यालय परिसर के अलावा मंदिर, श्मशान भूमि, गौशाला और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण के लिए भी पौधे उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और हरित राजस्थान के निर्माण में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में गांव के युवाओं, किसानों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। इसलिए हर व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।




















