NEXT 31 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के गांव धनेरू ब्रजलाना जोहड़ स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को भामाशाहों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय को 25 टेबल-स्टूल भेंट किए गए, वहीं विद्यार्थियों को टाई-बेल्ट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, अभिभावकों और शिक्षकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धनेरू के प्रधानाचार्य संदीप दयाल ने की। संस्था प्रधान सुभाष मूंड ने विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले भामाशाहों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का स्तर और संसाधन लगातार बेहतर हो रहे हैं।
इस दौरान भाजपा नेता आईदान पारीक, मदनलाल सुनार, महेश कुमार शर्मा (गुसाईंसर), मांगीलाल स्वामी (श्रीडूंगरगढ़), जैसनाथ सिद्ध, श्रवणराम, कुंभाराम, श्रवणराम ड्राइवर, हुकमाराम, लक्ष्मणराम रेवाड़, अमराराम, नंदराम, कोजनाथ सिद्ध, चूनाराम, जितेंद्र मीणा और रामेश्वर सहित भामाशाहों ने विद्यालय को 25 टेबल-स्टूल उपलब्ध कराए।
प्रधानाचार्य संदीप दयाल ने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और मेहनत के साथ अध्ययन कर जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। भाजपा नेता आईदान पारीक ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई पर नजर रखने और शिक्षकों का सहयोग करने का आह्वान करते हुए सभी भामाशाहों का आभार जताया।
कार्यक्रम में अर्जुनराम, कालूराम, जैसनाथ, अमराराम, सूराराम, लक्ष्मण, कुंभाराम, चंद्राराम, रामेश्वर पुत्र लिखमाराम सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक और विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय स्टाफ की ओर से ताराचंद, मैना कुमारी, चांद कंवर और शर्मिला ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका मैना कुमारी ने किया।

































