NEXT 18 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। निजी स्कूल संचालकों ने राज शिक्षा संबलन एप के जरिए हर माह होने वाली जांच व्यवस्था को लालफीताशाही करार देते हुए इसके विरोध में 20 जुलाई, सोमवार को एक दिवसीय स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। साथ ही बड़ी संख्या में निजी विद्यालय संचालक बीकानेर पहुंचकर स्कूल शिक्षा निदेशालय का घेराव करेंगे।

शुक्रवार को स्थानीय श्री शिवाजी विद्या मंदिर स्कूल में आयोजित शहरी निजी विद्यालय संचालकों की बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मौजूद संचालकों का कहना था कि राज शिक्षा संबलन ऐप के माध्यम से बार-बार होने वाली मासिक जांच से स्कूलों पर अनावश्यक प्रशासनिक दबाव बढ़ रहा है। उनका आरोप है कि इससे शिक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बजाय लालफीताशाही और कागजी कार्रवाई को बढ़ावा मिल रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि प्रदेश स्तरीय संगठन सेवा के आह्वान पर सोमवार को क्षेत्र के निजी विद्यालय बंद रखे जाएंगे और संचालक बीकानेर में निदेशालय के बाहर विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।
स्कूल शिक्षा परिवार के ब्लॉक अध्यक्ष मूलचंद स्वामी एवं शहरी निजी विद्यालय संघ के अध्यक्ष प्यारेलाल ढूकिया ने आंदोलन को समर्थन देते हुए सभी संचालकों से एकजुट रहने की अपील की। संघ के सूचना मंत्री कांति प्रकाश दर्जी ने बताया कि 20 जुलाई को निजी विद्यालयों का संचालन बंद रहेगा तथा संचालक अपनी मांगों के समर्थन में बीकानेर निदेशालय का घेराव करेंगे।




















