NEXT 28 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के धनेरू गांव में आयोजित सेवा शिविर फॉलोअप शिविर-2026 के दौरान ग्रामीणों ने बिजली जीएसएस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। धनेरू के प्रशासक (सरपंच) मोहनलाल स्वामी और भाजपा नेता आईदान पारीक के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा को ज्ञापन सौंपकर जीएसएस परिसर की चारदीवारी एवं शौचालय निर्माण की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि जीएसएस की चारदीवारी नहीं होने से पशु परिसर में प्रवेश कर जाते हैं और करंट की चपेट में आने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। उनका कहना है कि चारदीवारी बनने से पशुओं और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही जीएसएस परिसर में कर्मचारियों व आमजन की सुविधा के लिए शौचालय निर्माण भी आवश्यक है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द दोनों कार्य स्वीकृत कर निर्माण कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में पूर्व सरपंच कालूनाथ, भंवरनाथ, रीगताराम भाकर, मनोज जोशी, तेजाराम नायक, छगननाथ, जगदीश, बाबूलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




















