NEXT 23 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। 65 लाख रुपए की नकली करेंसी बरामदगी मामले में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को एक और सफलता मिली है। गुरुवार को पुलिस ने मामले में चौथे आरोपी ओमप्रकाश स्वामी निवासी श्रीडूंगरगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने पहले से गिरफ्तार आरोपियों से हुई पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस अब रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर नकली करेंसी गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
गौरतलब है कि श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने कुछ दिन पहले ओमप्रकाश नैन निवासी जैतासर और महेन्द्र गोदारा निवासी धोलिया को करीब 65 लाख रुपए की नकली नोटों की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि बरामद रकम में केवल 13 हजार रुपए ही असली नोट थे, जबकि शेष सभी नोटनुमा कागज थे।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान हरिकिशन ब्राह्मण का नाम सामने आया था, जिसे पुलिस ने सूरत से गिरफ्तार किया। अब चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस फर्जी करेंसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।




















