NEXT 20 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। रतनगढ़-बीकानेर रेलखंड पर बेनीसर-सूडसर व नापासर स्टेशनों के बीच रेलवे के तकनीकी कार्य के चलते श्रीडूंगरगढ़, सूडसर, बेनीसर सहित आसपास के स्टेशनों से बीकानेर-रतनगढ़ की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को दो दिन रेल यातायात में असुविधा होगी। रेलवे ने 13 और 27 अक्टूबर को कार्य के लिए ब्लॉक लिया है। इसके चलते कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ का संचालन आंशिक रूप से रद्द और रीशड्यूल किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार तकनीकी कार्य के कारण 13 व 27 अक्टूबर को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इन दोनों दिनों में इस रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने सफर की योजना ट्रेन के बदले हुए संचालन को ध्यान में रखकर बनानी होगी।
दो ट्रेनें पूरी तरह रद्द
गाड़ी संख्या 74856 रतनगढ़-बीकानेर 13 व 27 अक्टूबर को रद्द रहेगी। इसी तरह 74855 बीकानेर-रतनगढ़ रेलसेवा 14 व 28 अक्टूबर को रद्द रहेगी।
बीकानेर जाने वाली ट्रेन रतनगढ़ तक ही चलेगी
गाड़ी संख्या 14898 हिसार-बीकानेर 28 अक्टूबर को हिसार से रवाना होकर रतनगढ़ तक ही संचालित होगी। रतनगढ़ से बीकानेर के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इससे रतनगढ़ के बाद बीकानेर की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वहीं 74831 बीकानेर-चूरू रेलसेवा 28 अक्टूबर को बीकानेर के बजाय रतनगढ़ से संचालित होगी। यानी बीकानेर से रतनगढ़ के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा।
हरिद्वार और दिल्ली से आने वाली ट्रेनें भी देरी से चलेंगी
14718 हरिद्वार-बीकानेर ट्रेन 13 अक्टूबर को निर्धारित समय से 1 घंटे 40 मिनट और 27 अक्टूबर को 2 घंटे 50 मिनट देरी से हरिद्वार से रवाना होगी। इसी तरह 12457 दिल्ली सराय-बीकानेर ट्रेन 13 अक्टूबर को 1 घंटे 25 मिनट और 27 अक्टूबर को 2 घंटे 25 मिनट देरी से रवाना होगी।
यात्रियों को सलाह: रेलवे के इस तकनीकी कार्य के कारण रतनगढ़-बीकानेर रेलखंड पर आने-जाने वाले यात्रियों को दोनों निर्धारित कार्य दिवसों में ट्रेन का समय और संचालन की स्थिति देखकर ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।






















