21 को तुलसी सेवा संस्थान और 22 को तेरापंथ भवन ऊपरलो में लगेगा रक्तदान शिविर, युवाओं सहित आमजन से रक्तदान की अपील
NEXT 20 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। रक्तदान को जनसेवा से जोड़ते हुए अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ की ओर से 21 और 22 सितंबर को दो दिवसीय मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (MBDD) आयोजित की जाएगा। अभियान के तहत शहर में दो स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
21 सितंबर को तुलसी सेवा संस्थान में सुबह 9 बजे से तथा 22 सितंबर को तेरापंथ भवन, ऊपरलो में सुबह 9 बजे से रक्तदान शिविर शुरू होगा। अभियान को लेकर परिषद् और टीम MBDD की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। युवाओं के साथ आमजन को अभियान से जोड़ने के लिए जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियां भी की जा रही हैं।
तेरापंथ युवक परिषद् अध्यक्ष विक्रम मालू ने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे समय में रक्तदाता किसी के लिए जीवनरक्षक बनता है। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा कार्य से जोड़ना परिषद् की प्राथमिकता है।
परिषद् मंत्री पीयूष बोथरा ने युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने और अपने परिवार, मित्रों व परिचितों को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि MBDD के माध्यम से रक्तदान को व्यापक जनसेवा अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
टीम MBDD के अनुसार अभियान में अधिकाधिक रक्तदाताओं को जोड़ने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में योगदान देने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजकों ने श्रीडूंगरगढ़वासियों से दोनों शिविरों में पहुंचकर रक्तदान करने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की है।




















