NEXT 18 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। हाईकोर्ट के आदेशों की पालना नहीं होने से नाराज ग्राम विकास अधिकारी संघ ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। मंगलवार को राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ की श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक कार्यकारिणी ने ब्लॉक अध्यक्ष सुदर्शन महिया के नेतृत्व में पंचायत समिति में सहायक विकास अधिकारी रामदयाल जाखड़ को ज्ञापन सौंपा।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम विकास अधिकारियों के स्थानांतरण सहित अन्य मामलों में हाईकोर्ट द्वारा जारी स्थगन एवं अपास्त आदेशों की पालना ब्लॉक स्तर पर नहीं की जा रही है। जबकि राज्य सरकार के विधि एवं विधिक कार्य विभाग की ओर से 19 मई 2026 को जारी परिपत्र में न्यायिक आदेशों की तत्काल पालना के स्पष्ट निर्देश हैं। संघ का आरोप है कि पूर्व में 31 जुलाई को जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे को ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
20 को सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप छोड़ेंगे, 21 से योजनाओं का बहिष्कार
संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत 20 अगस्त को पंचायत समितियों के राजकीय व्हाट्सएप ग्रुपों से लेफ्ट होने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं 21 अगस्त से प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, एसएफसी, एफएफसी, बीबी राम जी सहित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का बहिष्कार किया जाएगा। व्यक्तिगत योजनाओं को इससे अलग रखा गया है। इसके बाद 24 अगस्त को जिला परिषद का घेराव प्रस्तावित है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज सिसोदिया, अशोक डांगी, नन्दलालसिंह, नवलसिंह, सुमित्रा जाट, मानसी शर्मा, हरिप्रसाद, गिरधारी बाना, रामसिंह, सुभाष बुरड़़क सहित कई ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।





















