श्रीडूंगरगढ़ के सेवा केंद्र में बिनोद छाजेड़ और बहू हीरा छाजेड़ के 9 के तप का हुआ अभिनंदन
NEXT 8 अगस्त, 2025 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ के मालू भवन में आज एक अद्भुत आध्यात्मिक दृश्य देखने को मिला, जब ससुर और बहू की जोड़ी ने सामूहिक तपस्या कर समाज को प्रेरणा दी। बिनोद छाजेड़ और उनकी पुत्रवधु हीरा छाजेड़ 9 उपवास की तपस्या लेकर साध्वी संगीतश्री और साध्वी डॉ. परमप्रभा के सान्निध्य में उपस्थित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, जिसे पारुल लूनिया ने प्रस्तुत किया। इसके बाद साध्वी वृंद ने गीतिका के माध्यम से तपस्वियों का स्वागत किया। साध्वी डॉ. परमप्रभा और साध्वी संगीतश्री ने तप के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए इसे वर्तमान युग की आवश्यकता बताया।
भावों से छलका गर्व और श्रद्धा
तपस्वियों के परिजनों ने भी इस अवसर पर अपनी भावनाएं साझा कीं। शोभा देवी छाजेड़, तनिष्क छाजेड़ और नन्हीं बालिका प्रियंका सुराणा ने अपने वक्तव्यों से सबका मन जीत लिया।
तेरापंथी सभा से मंत्री प्रदीप पुगलिया, तेयुप अध्यक्ष विक्रम मालू, महिला मंडल से विजेता चोपड़ा, कन्या मंडल संयोजिका प्रेक्षा पुगलिया, किशोर मंडल से अजय बोथरा और नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने गीतिका और उद्बोधन से तपस्वियों का अभिनंदन किया।
सभी प्रमुख संस्थाओं द्वारा तपस्वी जोड़ी का सम्मान किया गया। साथ ही किशोर मंडल की ‘आध्यात्मिक बिग बॉस प्रतियोगिता’, ओसवाल पंचायत के सामूहिक पारणा और स्व. चंदा देवी श्यामसुखा की स्मृति सभा की आगामी जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम का संचालन तेयुप अध्यक्ष विक्रम मालू ने किया। आयोजन में समाज के अनेक गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।