NEXT 28 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और कॅरिअर के बेहतर विकल्पों की जानकारी देने के उद्देश्य से बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन की कॅरिअर काउंसलिंग वैन मोमासर और आडसर की राजकीय स्कूलों में पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न कॅरिअर क्षेत्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

मोमासर में छात्राओं को बताया रुचि और क्षमता पहचानना जरूरी: ईचरज देवी पटावरी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मोमासर में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने कहा कि सही समय पर कॅरिअर की जानकारी मिलने से विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता और कौशल को पहचानकर कॅरिअर विकल्प चुनने का आह्वान किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों और उच्च शिक्षा के विकल्पों की जानकारी भी दी। प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद ने कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में उप प्राचार्य सहदेव सिंह किशनावत, व्याख्याता सुमन जोशी, वरिष्ठ अध्यापक महेंद्र सिंह और अध्यापक जगदीश प्रसाद मौजूद रहे।
आड़सर में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया मार्गदर्शन: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आड़सर में भी विद्यार्थियों को कॅरिअर के विभिन्न क्षेत्रों और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया। डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के क्षेत्रों की जानकारी दी। प्राचार्य किशोर सिंह ने कॅरिअर वैन टीम का आभार जताते हुए कहा कि स्कूल स्तर पर विशेषज्ञों से मिलने वाला मार्गदर्शन विद्यार्थियों को भविष्य के विकल्प समझने में मदद करेगा।
कार्यक्रम में व्याख्याता प्रियंका गोदारा व सीमा कंवर, प्रदीप कुमार, वरिष्ठ अध्यापक गोवर्धन, सिमरन बाई, अदिति शर्मा, हरलाल, बिंदु और मनोज मीणा ने सहयोग किया। सीबीईओ कार्यालय के आरपी पवन कुमार प्रजापत ने भी प्रोजेक्ट की सराहना की।
टीम का किया अभिनंदन: दोनों विद्यालयों में कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट टीम के लोचन पारीक, मनन श्रीमाली और केशव आचार्य का अभिनंदन किया गया। टीम ने विद्यार्थियों को कॅरिअर योजना बनाने और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।























