4 घंटे तक चली प्रतियोगिता, विजेताओं को मिले बैग और सर्टिफिकेट
NEXT 11 अगस्त, 2025 श्रीडूंगरगढ़। तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में किशोर मंडल ने रविवार को सेवा केंद्र मालू भवन में अनोखी ‘आध्यात्मिक बिग बॉस’ प्रतियोगिता करवाई। साध्वी संगीतश्री और साध्वी डॉ. परमप्रभा के सान्निध्य में हुई इस प्रतियोगिता में साध्वी कमलविभा का विशेष सहयोग रहा।

इसका उद्देश्य बच्चों, किशोरों, कन्याओं, युवाओं और महिलाओं में आध्यात्मिकता के प्रति रुचि जगाना और जैन संस्कृति का ज्ञान बढ़ाना था। करीब 4 घंटे चली बहु-चरणीय प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बुद्धि, तर्कशक्ति और धार्मिक ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया। माहौल उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहा।

समापन सत्र में विजेताओं को विशेष बैग और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और सांत्वना पुरस्कार मिले। परिषद पदाधिकारियों ने समाज के सहयोग के लिए आभार जताया और आगे भी ऐसे आयोजन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन परिषद अध्यक्ष विक्रम मालू, उपाध्यक्ष रजत सिंघी, किशोर मंडल संयोजक मुदित पुगलिया और सहसंयोजक विशाल बोथरा व तनीश छाजेड़ ने किया। आयोजन का आर्थिक सहयोग स्व. नौरतमल बरडिया की पुण्य स्मृति में सरोज देवी बरडिया ने किया।
