14 सितम्बर को श्रीडूंगरगढ़ में होगा सम्मान समारोह
NEXT 19 अगस्त, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति, श्रीडूंगरगढ़ ने वर्ष 2025 के अपने राष्ट्रीय साहित्यिक पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि एवं उपाध्यक्ष डॉ. मदन सैनी ने बताया कि समिति का सर्वोच्च मालाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान इस वर्ष जोधपुर की प्रख्यात साहित्यकार डॉ. पद्मजा शर्मा को उनके समग्र साहित्यिक अवदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कार समिति के संयोजक रवि पुरोहित के अनुसार इस बार दस से अधिक राज्यों से प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं। चयनित रचनाकार इस प्रकार हैं
- डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी सृजन पुरस्कार : मध्यप्रदेश के कथाकार देवेन्द्र मिश्रा (कथा संग्रह डस्ट और अन्य कहानियां)
- श्री शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार : बीकानेर की साहित्यकारा संगीता सेठी (तुम कब आओगे)
- श्यामसुंदर नागला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार : शाहजहांपुर के वरिष्ठ बाल साहित्यकार डॉ. नागेश पाण्डेय (नटखट बाल कहानियां)
- सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार : भोपाल के कुमार सुरेश (संभवामि युगे युगे)
- श्री चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार : सरदारशहर के उपन्यासकार विश्वनाथ तंवर (तपस्या)
संस्था के कोषाध्यक्ष रामचन्द्र राठी ने बताया कि साहित्यश्री सम्मान में ₹21,000 नगद, जबकि अन्य पुरस्कारों में ₹11,000 नगद राशि के साथ सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न व शॉल प्रदान किए जाएंगे।
पुरस्कार वितरण 14 सितम्बर 2025 को श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित भव्य समारोह में किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के वार्षिकोत्सव के अंतर्गत एक संगोष्ठी भी आयोजित होगी।