NEXT 26 अगस्त, 2025 श्रीडूंगरगढ़। बाबा रामदेव की बीज (दूज) पर सोमवार को अंचल में भक्ति और आस्था का माहौल नजर आया। कस्बे के मंदिरों को फूलों और रंगीन लाइटों से सजाया गया। सुबह से देर रात तक भक्तों की भीड़ उमड़ती रही।

बिग्गाबास में महाआरती, 101 किलो प्रसाद
बिग्गाबास स्थित रामदेव मंदिर में जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर पुजारी लीलाधर भार्गव ने बताया कि बाबा की महाआरती के साथ 101 किलो प्रसाद चढ़ाया गया और भक्तों में वितरित किया गया। इस मौके पर सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

रामदेवरा के लिए पदयात्रियों का रेला
श्रीडूंगरगढ़ से रवाना हुए पैदल यात्री संघ नाचते-गाते रामदेवरा की ओर बढ़ रहे हैं। बीकानेर से लेकर रामदेवरा तक का रास्ता बाबा के जयकारों से गूंज रहा है। चुरू, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश सहित कई जिलों से आए भक्त भी यात्रा में शामिल हैं।
भंडारों पर सेवा और विश्राम
यात्रा मार्ग में जगह-जगह भंडारे सजाए गए हैं। इनमें भोजन, पानी, चाय से लेकर फर्स्ट एड तक की सुविधा उपलब्ध है। थके यात्रियों के लिए विश्राम की भी व्यवस्था की गई है। अकेले यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को ये भंडारे संबल देने का काम कर रहे हैं।


