विजयदशमी पर हुआ शस्त्र पूजन, त्रिखंड प्रचारक ने दी संघ के शताब्दी वर्ष की जानकारी
NEXT 3 अक्टूबर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बापेउ मंडल का विजयदशमी उत्सव और पथ-संचलन शुक्रवार को धूमधाम से हुआ। यह अवसर गांव के लिए खास रहा क्योंकि बापेउ में पहली बार संघ संचलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पथ-संचलन से हुई। स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासन के साथ गांव की मुख्य गलियों से गुजरे। इस दौरान संघ घोष की धुनें गांव में गूंजती रहीं, जिसने हर किसी का ध्यान खींचा।
ग्रामवासियों ने भगवा ध्वज पर पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया। संचलन के बाद शस्त्र पूजन और विजयदशमी उत्सव का आयोजन हुआ।

मुख्य बौद्धिककर्ता त्रिखंड प्रचारक सुरेश कुमार ने संबोधन में संघ की शताब्दी वर्ष यात्रा, संघ स्थापना का उद्देश्य, वर्तमान कार्य विस्तार, पंच प्रण और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से जानकारी दी।
गांव में पहली बार हुए इस कार्यक्रम को लेकर स्वयंसेवकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।



















