NEXT 7 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कालू रोड स्थित अनुज स्पोर्ट्स एरिना में पहली बार आयोजित डे-नाईट बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता ने शहर के क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच दिया। शुक्रवार रात खेले गए फाइनल मुकाबले में धोरा क्रिकेट क्लब (ओल्ड) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वार्ड नंबर 02 की टीम को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले का टॉस उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने कराया। टॉस जीतकर धोरा क्रिकेट क्लब (ओल्ड) ने पहले फील्डिंग का फैसला लिया, जो अंत में उनके लिए जीत का मंत्र साबित हुआ। मैच के दौरान मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात और दर्शकों का जोश देखते ही बन रहा था।

25 टीमों ने लिया हिस्सा, रोज उमड़ी भीड़
आयोजक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि कान्हा ज्वैलर्स के सौजन्य से आयोजित इस डे-नाईट बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 25 टीमों ने भाग लिया। 1 फरवरी से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में हर दिन बड़ी संख्या में दर्शक मुकाबले देखने पहुंचे, जिससे एरिना का माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय बना रहा।

एसडीएम बोले- छोटे शहर में बड़ा नवाचार
पुरस्कार वितरण समारोह में एसडीएम शुभम शर्मा ने कहा कि बॉक्स क्रिकेट आमतौर पर बड़े शहरों में देखने को मिलता है, लेकिन श्रीडूंगरगढ़ में इस तरह का आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का शानदार प्रयास है। उन्होंने आयोजन से जुड़े दिनेश व संदीप सोनी की सराहना की।
विजेता को 11,111 रुपये, उपविजेता को 6,666 रुपये
विजेता धोरा क्रिकेट क्लब (ओल्ड) टीम के बनवारी माली, आनंद सिद्ध, रामस्वामी, प्रशांत, नंद बेरड़, सुनील पारीक और दीपक को 11,111 रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई।
वहीं उपविजेता वार्ड नंबर 02 टीम के के जीतू स्वामी, सीताराम महिया, तनवीर, सुखराम, विजय, रामनिवास गोदारा और गोपीराम को 6,666 रुपये नकद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
ये रहे प्रतियोगिता के सितारे
- मैन ऑफ द सीरीज – अनुराग
- सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज – इमरान काजी
- सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज – सुखराम
- मैन ऑफ द मैच – बनवारी सैनी
मैचों में अंपायर की भूमिका विजय आंवला ने निभाई।
खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता मोहनलाल सोनी, सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश सोनी (श्रीडूंगरगढ़- दिल्ली), एडवोकेट दीपिका करनाणी, एडवोकेट स्नेहा पारीक, सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत सोनी, जितेंद्र सोनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
गौरतलब है कि श्रीडूंगरगढ़ में यह पहली बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता थी, जिसने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को नया मंच दिया और खेल प्रेमियों को यादगार रोमांच प्रदान किया।




















