17.7 किमी सीवर लाइन बिछेगी, 3 एमएलडी का एसटीपी बनेगा; घर-घर कनेक्शन की सुविधा
NEXT 12 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के कालूबास क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ₹19.3 करोड़ की लागत से सीवरेज सिस्टम डेवलपमेंट प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। प्रोजेक्ट का उद्घाटन कल 13 अप्रैल को शाम 5 बजे पाराशर मंदिर के पास होगा।

इससे पहले विधायक ताराचंद सारस्वत ने नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी श्रीवर्धन शर्मा, निर्माण एजेंसी मेसर्स एसकेसी-एईटी-जेवी और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रोजेक्ट को तय समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
परियोजना के तहत कालूबास क्षेत्र में 17,780 मीटर लंबी सीवर लाइन डाली जाएगी। साथ ही 3 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया जाएगा। इसके जरिए क्षेत्र के घरों को सीधे सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा, जिससे शौचालय, रसोई और बाथरूम का गंदा पानी व्यवस्थित तरीके से निस्तारित हो सकेगा।
अधिकारियों के अनुसार काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि सीवरेज सिस्टम का सुचारू संचालन और रखरखाव सुनिश्चित हो सके। एसटीपी में आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सीवेज का उपचार किया जाएगा, जिससे पर्यावरण मानकों का पालन भी सुनिश्चित होगा।
यह प्रोजेक्ट भविष्य की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है और इससे क्षेत्र में स्वच्छता सुधार के साथ प्रदूषण में कमी आएगी।



















